Monday, 6 January 2020

मैंने ख़ुद से इतनी बातें की
कि बाहर कुछ भी कहने के लिए मैं बहुत थक चुकी थी
मुझे लगने लगा कि 
पागलपन सवार हो रहा है मुझपर
ये सब बातें अब मैं बड़बड़ाने ना लगूं कहीं

दिसंबर का महीना था
दिल पर एक बोझ भी
सुबह हुई
मुझसे नहीं उठा गया लेकिन
ऐसी बीमार सुबहों में मुझे मेरे ज़िंदा होने पर ताज़्जुब होता रहा है 
दो दिन मैं घर में यूं पड़ी थी 
कि अब उठ नहीं सकूंगी कभी भी

मैंने पहले ही कहा
कह पाने के लिए बहुत थक चुकी थी मैं
मैं खुद में बहुत घुटी
गिनने चाहे अपने सारे पाप

शशि मर गया
प्रत्यूषा बैनर्जी मर गई
कुशल पंजाबी मर गया
कितने लोग हर रोज़ मर जाते हैं

कहते तो हैं सब
कि कह देना चाहिए था उन्हें
परिवार से
कुछ अपनों से
कि क्या है जो रात - दिन खाए जाता है उन्हें

पर क्या मर नहीं गए थे अपने सब 
उनके लिए 
उनके या अपने जेहन में
किसी एक
दिसंबर में ।


No comments:

Post a Comment

रास्ते

मैं जहां भी गई  भागकर खुद से मेरे सपनों की किर्चें मेरे साथ गईं कहीं भी कभी भी चुभती हुई सी जैसे लंबा सफर तय करना हो पैदल और जूता पैर काटता ...